जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ल्वाली और घीड़ी पहुंचकर विकास कार्यों, आजीविका गतिविधियों, विद्यालयी व्यवस्थाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और क्षेत्र की जरूरतों की जानकारी ली।
महिला समूह की आजीविका गतिविधियों का लिया जायजा
ल्वाली में जिलाधिकारी ने साधना स्वायत्त सहकारिता के संग्रहण केंद्र का निरीक्षण किया। यहां जिला स्तरीय फेडरेशन के सहयोग से पशु आहार और स्थानीय उत्पादों की बिक्री की जा रही है। जिलाधिकारी ने महिलाओं से उनके उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण, बिक्री और आय से जुड़ी जानकारी ली।
महिलाओं को मिलेंगे डिहाइड्रेटर और ग्रेडिंग मशीन
महिला समूह ने उत्पादों की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए बुश कटर, उत्पाद संरक्षण के लिए डिहाइड्रेटर और ग्रेडिंग मशीन की जरूरत बताई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपकरणों के लिए प्रस्ताव तैयार कर जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुसार आजीविका गतिविधियों में विविधता लाने पर जोर दिया।
ल्वाली स्कूल में बच्चों के मॉडल देखे
जिलाधिकारी ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ल्वाली का भी निरीक्षण किया। यहां आयोजित बाल मेले में विद्यार्थियों ने विद्युत परिपथ, पृथ्वी के स्थलरूप, वर्षा जल संरक्षण, वायुमंडल की परतों, 2D से 3D आकृतियों, औषधीय पौधों और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे विषयों पर तैयार मॉडल प्रस्तुत किए।
बच्चों की बुनियादी पढ़ाई पर दिया जोर
कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कुछ बच्चे गणित के बुनियादी सवालों का जवाब नहीं दे सके। इस पर जिलाधिकारी ने शिक्षकों को बच्चों की मूल अवधारणाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से पढ़ाई में अपनाए जा रहे नवाचारी तरीकों की जानकारी भी ली।
प्रतिभाशाली बच्चों को मिले पर्याप्त मंच
विद्यालय में समग्र शिक्षा के तहत आयोजित क्लस्टर आधारित सामाजिक विज्ञान महोत्सव की भाषण प्रतियोगिता में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के भाषण सुने। सोशल मीडिया विषय पर एक छात्रा के विचारों की उन्होंने सराहना की। उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी से कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर दिए जाएं।
मिड-डे मील की गुणवत्ता भी जांची
जिलाधिकारी ने विद्यालय में तैयार हो रहे मध्याह्न भोजन का निरीक्षण किया और दाल-सब्जी का स्वाद लेकर गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने भोजनमाताओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन तैयार करने के निर्देश दिए। लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनता देख उन्होंने नाराजगी जताई और गैस कनेक्शन उपलब्ध होने के कारण भोजन गैस पर ही तैयार करने को कहा।
घीड़ी पहुंचीं तो पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत
क्षेत्र भ्रमण के अगले चरण में जिलाधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पैतृक गांव घीड़ी पहुंचीं। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर गांव की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
घीड़ी में बनेगा शहीद पार्क
ग्रामीणों की ओर से पहले शहीद पार्क के निर्माण को लेकर आवेदन दिया गया था। जिलाधिकारी ने पार्क के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया और ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा तैयार डिजाइन व प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। प्रस्तावित पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और सौंदर्यीकरण समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
DPR के बाद निर्माण के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव
जिलाधिकारी ने कहा कि शहीद पार्क का निर्माण ग्रामीणों की सहमति और उनकी अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर किया जाए। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को विस्तृत डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद धनराशि स्वीकृत होने पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
स्कूल और गांव में सोलर लाइट की मांग पर निर्देश
ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज कालेश्वर में सोलर लाइट और विद्यालय की क्षति से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने विद्यालय की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं स्थानीय महिलाओं की मांग पर उरेडा को सोलर लाइट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पेयजल और सामुदायिक भवन की समस्याएं भी सुनीं
ग्रामीणों ने ग्राम गैंड की पेयजल योजना में आवश्यक लाइन जोड़ने और खराब फीडर की समस्या से भी अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मौके पर स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए। सामुदायिक भवन की मांग पर उन्होंने बताया कि इसका प्राक्कलन तैयार किया जा चुका है और प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
बैंकिंग सुविधाओं के लिए बैंक सखियों को जिम्मेदारी
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को आसान बनाने के लिए जिलाधिकारी ने बैंक सखियों के माध्यम से आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने घीड़ी स्थित पर्यटक विश्राम गृह का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं की जानकारी लेते हुए सड़क सफाई, मरम्मत और अन्य जरूरी कार्यों पर चर्चा की। अठूल गांव की सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव एससीपी में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों की समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण का उद्देश्य गांवों में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानना तथा ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों और आवश्यकताओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर ग्राम प्रधान घीड़ी मातबर सिंह बिष्ट, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, राजस्व उपनिरीक्षक दीपक बेलवाल, वैभव प्रताप, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विजय कपरवाण सहित संबंधित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।


