राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर ‘हग डिप्लोमेसी’ वाले तंज के बाद शुरू हुआ सियासी विवाद अब जवाहरलाल नेहरू की पुरानी तस्वीरों तक पहुंच गया है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को नेहरू की कुछ पुरानी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिसके बाद कांग्रेस ने पलटवार किया।
दुबे ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि ये उनके पास मौजूद नेहरू-गांधी परिवार से जुड़ी एक किताब की तस्वीरें हैं। तस्वीरों में नेहरू अपनी बहन विजय लक्ष्मी पंडित, भतीजी नयनतारा सहगल और अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला जैकलिन कैनेडी के साथ नजर आ रहे हैं।
कांग्रेस ने दिया जवाब
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने दुबे के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तस्वीरों को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक तस्वीर में विजय लक्ष्मी पंडित नेहरू के गाल पर स्नेह से किस करती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर उनकी भतीजी नयनतारा सहगल से जुड़ी है।
उन्होंने जैकलिन कैनेडी वाली तस्वीर का भी संदर्भ बताते हुए कहा कि यह मार्च 1962 की होली के दौरान की तस्वीर है, जिसमें नेहरू उन्हें रंग लगाते दिखाई दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी दुबे के पोस्ट की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू-गांधी परिवार की पुरानी तस्वीरों का इस्तेमाल लंबे समय से राजनीतिक नैरेटिव बनाने के लिए किया जाता रहा है।
राहुल गांधी के ‘हग’ वाले बयान से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, विवाद की शुरुआत राहुल गांधी के प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति पर दिए बयान से हुई। राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें समझ नहीं आता कि प्रधानमंत्री मोदी ने विदेश नीति को दुनिया के नेताओं को गले लगाने से क्यों जोड़ दिया।
इसके बाद उन्होंने कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगाकर अपनी बात समझाई। इस दौरान दीक्षित ने मजाक में पूछा कि कहीं उन्होंने उन्हें मेलोनी तो नहीं समझ लिया, जिस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया, “I haven’t reached that point yet.”
इसके बाद बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। निशिकांत दुबे ने इससे पहले इंदिरा गांधी की फिदेल कास्त्रो और यासर अराफात के साथ तस्वीरें शेयर कर राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया था।
अब नेहरू की तस्वीरों को लेकर BJP और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर नया सियासी वार-पलटवार शुरू हो गया है।


