मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत 4 जुलाई से 19 जुलाई तक जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न विकासखंडों में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किए गए. अभियान का समापन रविवार को विकासखंड द्वारीखाल में आयोजित अंतिम जनसेवा शिविर के साथ हुआ. इस अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया.
सुशासन को मजबूत कर रहे हैं जनसेवा शिविर
शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी ने किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे. उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के कारण लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो रहा है. ऐसे शिविर सुशासन को मजबूत करने के साथ सरकार और जनता के बीच विश्वास भी बढ़ा रहे हैं.
182 आवेदन मिले, अधिकांश का मौके पर समाधान
द्वारीखाल में आयोजित शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े 182 आवेदन एवं प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया. शिविर में 495 ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया.
कई विभागों ने लाभार्थियों को दी सुविधाएं
शिविर में कृषि एवं उद्यान विभाग ने 16 किसानों को उर्वरक और कृषि यंत्र वितरित किए. ग्रामोत्थान एवं एनआरएलएम के माध्यम से 24 स्वयं सहायता समूहों और लाभार्थियों ने करीब 10 हजार रुपये के उत्पादों की बिक्री की. बाल विकास विभाग ने 2 पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की.
स्वास्थ्य विभाग ने 60 लोगों और आयुष विभाग ने 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं. राजस्व विभाग ने 4 लोगों को आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र सहित अन्य राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराईं. समाज कल्याण विभाग ने 15 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन संबंधी सत्यापन किए. वहीं पशुपालन विभाग ने 8 लाभार्थियों को गोट वैली (बकरी पालन) योजना के तहत चेक वितरित किए.
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख नीलम नैथानी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, विक्रम सिंह बिष्ट, अर्जुन सिंह नेगी, विधायक प्रतिनिधि जयपाल सिंह, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.


