दिल्ली के सत्य निकेतन में PG की इमारत ढहने के बाद सामने आया एक वीडियो हादसे की भयावहता बयां कर रहा है। मलबे के नीचे फंसा छात्र धूल और खून से सना नजर आया। चारों तरफ कंक्रीट के टुकड़े और लोहे का मलबा था, फिर भी छात्र ने हिम्मत नहीं हारी। उसने अपना फोन निकाला और VIDEO कॉल के जरिए मदद की गुहार लगाई।
11 सेकेंड के इस वीडियो में छात्र मलबे के बीच बेहद तंग जगह में फंसा दिखाई दे रहा है। वह फोन का कैमरा घुमाकर आसपास का मंजर दिखाता है और मदद मांगता है। छात्र की पहचान आदित्य के रूप में हुई है, जो आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में B.Com सेकेंड ईयर का छात्र है। बाद में रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर नहीं है।
हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में करीब 50 साल पुरानी इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे भरभराकर गिर गई। इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के PG के तौर पर किया जा रहा था और हादसे के वक्त करीब 40 से 50 छात्रों के अंदर होने की आशंका जताई गई।
अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। 10 घायलों को AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है।
मलबे के नीचे से लगातार आ रही थीं मदद की आवाजें
हादसे के बाद कुछ छात्रों ने मलबे के नीचे से फोन कर मदद मांगी। BJP विधायक अनिल शर्मा ने भी बताया कि बचाव दल को अंदर फंसे लोगों की फोन कॉल मिल रही थीं और टीमें लगातार उनके संपर्क में थीं।
रेस्क्यू टीमों के साथ स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में जुटे रहे और हाथों व उपलब्ध औजारों से मलबा हटाने की कोशिश करते रहे।
अवैध निर्माण पर भी उठे सवाल
MCD के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक इमारत करीब 55 गज के प्लॉट पर बनी थी और यह G+4 संरचना थी, जबकि मूल अनुमति केवल G+1 की थी। पुलिस के अनुसार हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों ने बेसमेंट में भी निर्माण या मरम्मत का काम होने और बारिश के बाद पानी जमा होने का दावा किया है।
पुलिस ने PG मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। MCD ने चार मंजिल से ज्यादा की अवैध निर्माण वाली इमारतों को तत्काल सील करने का आदेश भी दिया है।


