जन शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
पौड़ी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी Swati S Bhadauria ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 14 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान कर दिया गया.
हर सोमवार देनी होगी अनुपालन रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों की अनुपालन आख्या हर सोमवार अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें. उन्होंने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें.
शिक्षा विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने मुख्य शिक्षाधिकारी के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए. साथ ही सभी अधिकारियों को ऐसे कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया.
कई शिकायतों पर मौके पर कार्रवाई
जनता मिलन में नगर पालिका परिषद पौड़ी के वार्ड नंबर 4 में क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग और वेस्ट पाइपलाइन की मरम्मत संबंधी शिकायत पर कार्य शुरू करा दिया गया है. वहीं यमकेश्वर क्षेत्र में भूमि पैमाइश की शिकायत पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी कर ली है.
जलापूर्ति और सड़क मामले में दिए निर्देश
इसके अलावा सकसेतधार और साल्यूंधार क्षेत्र में प्रस्तावित मोटर मार्ग के समरेखण को लेकर 19 मार्च को स्थल निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं. जलापूर्ति की समस्या पर जल संस्थान को 24 घंटे के भीतर टीम भेजकर समाधान करने को कहा गया.
तेंदुए की सक्रियता पर वन विभाग को अलर्ट
रा.ई.का. दोमटखाल के पास तेंदुए की सक्रियता की शिकायत पर वन विभाग को तत्काल टीम भेजकर स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए. वहीं नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण के मामलों पर संयुक्त निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.


