श्रावण कांवड़ मेला 2026 के सफल आयोजन के बाद मेले में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक बल के उत्साहवर्धन के लिए प्रेमनगर आश्रम स्थित हॉल में सम्मान समारोह और बड़े खाने का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारी भी शामिल हुए.
डीएम और एसएसपी ने किया वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने मुख्य अतिथि एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन सहित आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, आईजी रेंज राजीव स्वरूप, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया.
एसएसपी ने पेश की कांवड़ मेले की रिपोर्ट
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा कांवड़ मेला 2026 से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुई. उन्होंने मेले के दौरान पुलिस की तैयारियों, व्यवस्थाओं और ड्यूटी से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी. रिपोर्ट के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों के साथ सफल आयोजन की सराहना की.
पहली बार ड्यूटी पर उतरे ट्रेनी रिक्रूट्स की हुई तारीफ
पुलिस मुख्यालय और रेंज स्तर से पहुंचे अधिकारियों ने कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी और एसएसपी को बधाई दी. इस दौरान पहली बार विभागीय ड्यूटी निभा रहे ट्रेनी रिक्रूट्स के प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना की गई. अधिकारियों ने कहा कि ट्रेनी रिक्रूट्स ने मैदान में पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई.
इसके साथ ही पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करने वाले ट्रैफिक वॉलंटियर्स और एसपीओ के योगदान की भी प्रशंसा की गई.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
सम्मान समारोह के दौरान एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने हरिद्वार सहित अन्य जनपदों से आए और कांवड़ मेले के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, ट्रैफिक वॉलंटियर्स और एसपीओ को सम्मानित किया. उन्होंने पूरी फोर्स को सफल कांवड़ मेले के लिए बधाई दी.
पुलिस फोर्स को मिला 3 दिन का पारितोषिक अवकाश
मुख्य अतिथि एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने कांवड़ मेले में ड्यूटी निभाने वाली पूरी फोर्स के कार्य की सराहना करते हुए 3 दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा की. इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों में उत्साह देखने को मिला.
सम्मान समारोह के बाद सभी ने लिया भोजन का आनंद
कार्यक्रम में जनपद पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारी एवं जवान, शहर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे. सम्मान समारोह के समापन के बाद सभी उपस्थित लोगों ने आयोजित बड़े खाने में लजीज भोजन का आनंद लिया.


