भुवनेश्वर: भुवनेश्वर एयरपोर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला यात्री IndiGo की फ्लाइट कैंसिल होने के बाद एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ से बहस करती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी समय पर नहीं मिलने और घंटों इंतजार करने के बाद महिला अपना आपा खो बैठी।
वायरल वीडियो में महिला एयरपोर्ट स्टाफ से जोर-जोर से बहस करती दिखाई देती है। इसके बाद वह लगेज कन्वेयर बेल्ट पर चढ़ जाती है और IndiGo कर्मचारी की डेस्क पर रखे कागज और दस्तावेज फेंक देती है। स्टाफ और अन्य यात्री उसे शांत कराने की कोशिश करते नजर आते हैं। कुछ यात्रियों ने उसे पानी भी दिया।
CISF ने संभाला मामला
स्थिति बिगड़ने के बाद CISF के जवानों ने मौके पर पहुंचकर महिला को शांत कराया। एक CISF अधिकारी को महिला से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रही है और दोबारा वहां न जाए।इसके बाद मामला नियंत्रण में आया।
बच्चे की तबीयत खराब होने का भी जिक्र
वीडियो में एक अन्य यात्री को यह कहते हुए सुना गया कि उसका बच्चा बीमार है और उसे उसके पास पहुंचना जरूरी है। सोशल मीडिया पोस्ट्स के मुताबिक, यात्री कई घंटों से एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे और उनका आरोप था कि फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी से यह स्पष्ट नहीं है कि फ्लाइट आखिर क्यों कैंसिल हुई थी या एयरलाइन की ओर से सूचना देने में किसी तरह की लापरवाही हुई थी। IndiGo की ओर से इस घटना पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय
घटना के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की राय बंटी हुई है। कुछ लोगों ने महिला की परेशानी को समझने की बात कही और फ्लाइट कैंसिलेशन के दौरान यात्रियों को समय पर जानकारी देने की मांग उठाई।
वहीं, कई लोगों ने एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और स्टाफ से इस तरह व्यवहार करने को गलत बताया। कुछ यूजर्स ने CISF की कार्रवाई की तारीफ करते हुए कहा कि परेशानी के बावजूद यात्रियों को एयरपोर्ट स्टाफ के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए।


