नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेशी नेताओं को गले लगाने की शैली पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के तंज के बाद बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने पलटवार किया है। दुबे ने सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की फिदेल कास्त्रो और यासिर अराफात के साथ तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ उन्होंने राहुल गांधी के पीएम मोदी को गले लगाने वाली पुरानी तस्वीर भी पोस्ट की।
दुबे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा कि वह खुद प्रधानमंत्री की ‘हग डिप्लोमेसी’ पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि उनके परिवार के नेताओं की विदेशी नेताओं के साथ ऐसी तस्वीरें रही हैं।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
राहुल गांधी ने गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि पीएम मोदी को यह विचार कहां से आया कि विदेश नीति का मतलब दुनिया के नेताओं को गले लगाना है।
उन्होंने अपनी बात समझाने के लिए कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगाया। इस दौरान दीक्षित ने मजाक में पूछा, “मेलोनी समझ के तो नहीं पकड़ा था?” राहुल गांधी ने जवाब दिया, “I have not reached there yet.”
राहुल गांधी की इस टिप्पणी के बाद बीजेपी नेताओं ने उन पर निशाना साधा।
बीजेपी नेताओं ने भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री का अपमान करने के बजाय जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
वहीं बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी की टिप्पणी को नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा के खिलाफ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने भी राहुल गांधी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन महिलाओं और सार्वजनिक जीवन को अशोभनीय मजाक का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।


