नैनीताल हाईवे पर लंबे समय से लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए हाईवे चौड़ीकरण के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. पहले चरण का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है. अब डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक सड़क चौड़ी करने की तैयारी की जा रही है.
शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ पूरे मार्ग का निरीक्षण किया और आगे की कार्य योजना पर चर्चा की. करीब तीन महीने पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुसार शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए हाईवे चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया था.
पहले चरण का काम हुआ पूरा
पहले चरण में इंदिरा चौक से डीडी चौक तक सड़क चौड़ी करने का काम लगभग पूरा हो गया है. इस दौरान सड़क के बीच में बाधा बन रही पुराने रोडवेज बस अड्डे की जर्जर इमारत को गिरा दिया गया है. इसके साथ ही बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने जैसे कई जरूरी काम भी लगभग पूरे कर लिए गए हैं.
डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक होगा विस्तार
अब दूसरे चरण में डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक सड़क का विस्तार किया जाएगा. निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम गौरव पांडे और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने पूरे रास्ते का पैदल सर्वे किया.
अधिकारियों ने सड़क के दोनों तरफ मौजूद अतिक्रमण और अन्य अवरोधों को चिन्हित किया. इन्हें हटाना जरूरी बताया गया है ताकि चौड़ीकरण का काम आसानी से हो सके.
बस टर्मिनल का निरीक्षण
महापौर ने नए बस टर्मिनल का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बस टर्मिनल शुरू होने के बाद शहर के अंदर बसों की आवाजाही कम हो जाएगी और जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी.
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले किसी भी अवैध निर्माण को नहीं छोड़ा जाएगा. अटरिया मोड़ से आदर्श कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी को जोड़ने के लिए मिनी बाईपास बनाने का भी प्रस्ताव है. इस परियोजना को मुख्यमंत्री से मंजूरी मिल चुकी है. यह मिनी बाईपास भविष्य में रुद्रपुर के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा और मुख्य हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम करेगा.


