तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में विधायकों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। सरकार राज्य के सभी विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्रों में आने-जाने और लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए नई कार उपलब्ध कराएगी।
इसके अलावा प्रत्येक विधायक को ड्राइवर की सैलरी और कार से जुड़े खर्चों के लिए हर महीने ₹75,000 दिए जाएंगे। विधायकों के कार्यालय में सहायक रखने के लिए सरकार की ओर से ₹25,000 प्रति माह अतिरिक्त दिए जाएंगे।
यह घोषणा VCK विधायक जोतिमणि की उस मांग के बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि जरूरी लॉजिस्टिक सुविधाओं के बिना विधायक अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पाते।
मेडिकल शिक्षा के लिए ₹351 करोड़
तमिलनाडु सरकार ने मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी बड़े ऐलान किए हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए ₹351 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
इसके तहत कुल 6,098 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी। इनमें BSc नर्सिंग की 660 सीटें, नर्सिंग कॉलेजों और स्कूलों में 1,925 सीटें, 12 पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में 2,778 सीटें और मेडिकल पाठ्यक्रमों में 735 अतिरिक्त सीटें शामिल हैं। सरकार राज्य में 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी स्थापित करेगी।
पेरम्बलूर में बनेगा 400 बेड का अस्पताल
पेरम्बलूर में करीब ₹300 करोड़ की लागत से 400 बेड वाला मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा। इसमें मरीजों को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
हेल्थ इंश्योरेंस की सीमा ₹25 लाख करने का प्रस्ताव
सरकार ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना इलाज की सीमा ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹25 लाख करने का प्रस्ताव भी रखा है।
इसके अलावा ट्रांसजेंडर लोगों के लिए अतिरिक्त मेडिकल और सर्जिकल सेवाएं भी योजना में शामिल की जाएंगी। ये सुविधाएं चेन्नई स्टेनली, तिरुनेलवेली, तूतीकोरिन, चेंगलपट्टू, तिरुवरूर, करूर और कन्याकुमारी के अस्पतालों में उपलब्ध कराने की योजना है।


