नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने NEET-UG 2026 परीक्षा विवाद और छात्रों के आंदोलन को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. एक इंटरव्यू में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शिक्षा व्यवस्था और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन कर रहे छात्रों का खुलकर समर्थन किया. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए.
प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना
‘द प्रिंट’ को दिए इंटरव्यू में नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि उन्हें इस बात पर बिल्कुल हैरानी नहीं है कि सरकार ने छात्रों के आंदोलन पर कोई गंभीर प्रतिक्रिया नहीं दी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग खुद शिक्षा की अहमियत नहीं समझते, वे शिक्षा से जुड़े मुद्दों को भी गंभीरता से नहीं लेते. उन्होंने प्रधानमंत्री को “झूठा” बताते हुए कहा कि वे उन्हें गंभीरता से नहीं लेते.
‘प्रेस से बात नहीं करते क्योंकि डरते हैं’
नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री कभी खुलकर प्रेस के सवालों का सामना नहीं करते क्योंकि उनसे कई पुराने मुद्दों पर सवाल पूछे जा सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कई अहम मुद्दों पर चुप रहती है और जनता के सवालों का जवाब देने से बचती है.
‘सरकार बहरी, गूंगी और अंधी बन गई है’
अभिनेता ने कहा कि छात्रों का गुस्सा पूरी तरह जायज है. उनके मुताबिक सरकार छात्रों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है. उन्होंने कहा कि अगर छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है. उन्होंने सरकार को “बहरी, गूंगी और अंधी” बताते हुए कहा कि शिक्षा कभी भी सरकार की प्राथमिकता नहीं रही.
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि जो पुलिस दिनदहाड़े होने वाले अपराधों को नहीं रोक पाती, वही छात्रों पर बल प्रयोग करती है. उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी वर्दी का सम्मान करना चाहिए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए.
‘मैं छात्रों के साथ खड़ा हूं’
नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि छात्रों का आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपने भविष्य को बचाने के लिए है. उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी है. उन्होंने छात्रों के साहस और उनके संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि वह पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं.
पहले भी सोशल मीडिया पर जताया था समर्थन
इससे पहले भी नसीरुद्दीन शाह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया था. उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर समेत देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के प्रति अपनी एकजुटता जताई थी. अब उनके ताजा बयान ने इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक बहस को और तेज कर दिया है.


