पौड़ी गढ़वाल: अंतरराष्ट्रीय महिला वर्ष 2026 के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड पौड़ी के सभागार में महिला किसान दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में पौड़ी, कोट, पाबौ और खिर्सू विकासखंडों की 82 प्रगतिशील महिला कृषकों ने प्रतिभाग किया. इस दौरान कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली महिला किसानों को सम्मानित किया गया और उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई.
एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने पर जोर
ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने महिला किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि कृषि की विभिन्न गतिविधियों को जोड़कर किसान अपनी आय बढ़ाने की दिशा में बेहतर प्रयास कर सकते हैं.
महिलाओं की भूमिका अहम
मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने महिला कृषकों का स्वागत करते हुए कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि खेती-किसानी में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है. महिलाएं अपने परिश्रम और अनुभव से परिवार की आजीविका मजबूत करने के साथ कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी योगदान दे रही हैं. उन्होंने महिला किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.
महिला किसानों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में प्रगतिशील महिला कृषक सुषमा देवी, लक्ष्मी देवी, संगीता देवी, माहेश्वरी देवी, चंपा देवी और बीना देवी ने खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कृषि कार्यों में अपनाई जा रही तकनीकों और तरीकों की जानकारी अन्य महिला किसानों को दी.
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, उप परियोजना निदेशक आत्मा रवि कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कृषक मौजूद रहे


