विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों के युक्तिकरण और पुनर्निर्धारण को लेकर छतरीधार स्थित ईवीएम वेयरहाउस परिसर में बैठक आयोजित की गई. अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी.आर. चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए.
स्थलीय सत्यापन के बाद तैयार किए गए प्रस्ताव
बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के स्थलीय सत्यापन के बाद प्राप्त मतदेय स्थलों में संशोधन और भवन परिवर्तन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई. उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी प्रस्ताव निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं. इन्हें अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के कार्यालय भेजा जाएगा.
अनुमोदन के बाद ही होंगे बदलाव
पी.आर. चौहान ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मंजूरी मिलने के बाद ही मतदेय स्थलों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे. इसके साथ ही मतदेय स्थलों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाएगी. पूरी प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएगी.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह, राजनीतिक दलों के नोडल अधिकारी मास्टर आदर्श, भाजपा प्रतिनिधि क्रांतिकिशोर और राजेंद्र रावत, कांग्रेस प्रतिनिधि भरत सिंह रावत तथा सीपीआईएम प्रतिनिधि आयुष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे.


