Motorola अपनी G-सीरीज में नया बजट स्मार्टफोन Moto G47 Power 5G लॉन्च करने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन की पहली एंट्री यूरोपीय बाजार में हो सकती है. कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि, टिपस्टर सुधांशू अंभोर ने फोन के संभावित डिजाइन, फीचर्स और कीमत की जानकारी साझा की है.
कितनी हो सकती है कीमत
लीक्स के अनुसार, Moto G47 Power 5G के 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 270 यूरो यानी करीब 28,700 रुपये हो सकती है. फोन स्यान और डार्क ग्रे कलर ऑप्शन में उपलब्ध हो सकता है. भारत में इसकी लॉन्चिंग और कीमत को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है.
120Hz रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन
फोन में 6.67 इंच की LCD स्क्रीन मिलने की उम्मीद है, जिसका रेजोल्यूशन 720 × 1604 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz हो सकता है. परफॉर्मेंस के लिए इसमें MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया जा सकता है. यह ऑक्टा-कोर चिपसेट 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर काम कर सकता है.
108MP कैमरा से हो सकती है फोटोग्राफी
कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन में डुअल रियर कैमरा मिलने की संभावना है. इसमें 108 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो सेंसर शामिल हो सकता है. वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है.
7,000mAh बैटरी और Android 16
Moto G47 Power 5G में 7,000mAh की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है, जो 30W वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट कर सकती है. सॉफ्टवेयर के तौर पर यह फोन Android 16 पर चल सकता है. इसके अलावा, डिवाइस में IP64 रेटिंग मिलने की भी संभावना जताई गई है. हालांकि, ये सभी जानकारियां लीक पर आधारित हैं और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.

