मुंबई की मेयर ऋतु राजेश तावड़े को शुक्रवार सुबह एक धमकी भरा ईमेल मिला. इसमें उनके कार्यालय और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी गई है. ईमेल में बॉलीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई.
दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की अनुमति रद्द
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए राजधानी में 30 अक्टूबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को अनुमति देने से इनकार कर दिया है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में टिकट बुकिंग पार्टनर बुकमायशो को पत्र लिखा है.
दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर’ कॉन्सर्ट जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होना था. दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय ने पत्र में कहा कि कार्यक्रम के संबंध में मिले आवेदन की जांच की गई. हालांकि, विशिष्ट खतरे से जुड़ी जानकारियों, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी अन्य चिंताओं के कारण कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती.
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने अनुमति नहीं दिए जाने की पुष्टि की, लेकिन इस बारे में अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया.
दिल्ली के कई स्कूलों को भी मिला था धमकी भरा ईमेल
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, त्योहारों के दौरान बढ़ी भीड़ के अलावा दिल्ली के कई स्कूलों को 15 अक्टूबर की सुबह मिले फर्जी बम धमकी वाले ईमेल भी सुरक्षा चिंताओं की एक वजह हैं.
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, इनमें से एक ईमेल में छात्रों को 30 अक्टूबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई थी. इस ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए थे.
धमकी भरा ईमेल पाने वाले छह स्कूलों में द ब्रिटिश स्कूल, माउंट कार्मेल, अहल्कॉन इंटरनेशनल स्कूल और अहल्कॉन पब्लिक स्कूल शामिल थे.
दिलजीत दोसांझ की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
मुंबई की मेयर को मिले धमकी भरे ईमेल और दिल्ली में कॉन्सर्ट की अनुमति नहीं मिलने के मामले पर अभी तक दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.


