राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. मध्य प्रदेश से जयपुर जा रही यात्रियों से भरी ट्रैवलर सीमलिया थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी. हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं.
चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7 बजे कराड़िया टोल प्लाजा पार करने के बाद सुल्तानपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ. आशंका जताई जा रही है कि सफर के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. तेज रफ्तार के कारण ट्रैवलर पुलिया से नीचे जा गिरी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
नाले में गिरी गाड़ी, मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. यात्रियों को नाले से बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया. घटना की सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर लोगों की भीड़ जुट गई.
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से कोटा के नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है.


