बरेली के शाही थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल और महिला सिपाही को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. दोनों के बीच कथित प्रेम प्रसंग को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने सीओ मीरगंज से जांच कराई. जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
हेड कांस्टेबल शादीशुदा, महिला सिपाही अविवाहित
जानकारी के मुताबिक, शाही थाने में तैनात हेड कांस्टेबल बहादुर शाह जफर शादीशुदा हैं, जबकि महिला सिपाही अविवाहित हैं और उनकी भर्ती हाल ही में हुई है. थाने के कर्मचारियों के बीच दोनों की नजदीकियों को लेकर काफी समय से चर्चा होने की बात सामने आई है.
बताया जा रहा है कि 10 अक्टूबर की रात थाने के एक दरोगा ने महिला सिपाही को हेड कांस्टेबल के कमरे में जाते हुए देखा था. आरोप है कि दोनों रातभर साथ रहे. इसके बाद दरोगा ने मामले की जानकारी थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी को दी. थाना प्रभारी ने इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी.
सीओ की जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने सीओ मीरगंज अजय कुमार को जांच सौंपी थी. जांच के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों के आचरण और विभागीय अनुशासन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की गई.
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया. साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं.
दोनों के खिलाफ विभागीय जांच जारी
इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से अनुशासनहीनता को कार्रवाई का आधार बताया गया है. फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


