उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है. जहां एक ओर भाजपा ने कांग्रेस सहित अन्य दलों और संगठनों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं, वहीं अब कांग्रेस भी पलटवार की रणनीति पर काम कर रही है.
इसी कड़ी में कांग्रेस भाजपा से जुड़े और कई प्रभावशाली निर्दलीय नेताओं को अपने पाले में लाने की तैयारी में है. बताया जा रहा है कि ये नेता शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं.
कांग्रेस हुई एक्टिव
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से राज्य में कमजोर स्थिति झेल रही कांग्रेस अब आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पूरी तरह सक्रिय हो गई है. पार्टी स्थानीय स्तर पर मजबूत और प्रभावशाली चेहरों को आगे लाकर मुकाबले को कड़ा बनाने की रणनीति अपना रही है.
कांग्रेस खास तौर पर ऐसे नेताओं को जोड़ने पर फोकस कर रही है, जिनका अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत जनाधार रहा है. इसके तहत मसूरी, रुड़की, रुद्रपुर, सितारगंज, घनसाली और भीमताल जैसी अहम सीटों पर नए चेहरों को शामिल करने की तैयारी चल रही है.
कौन-कौन होगा शामिल
चर्चा है कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व महापौर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और भीमताल से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके लाखन नेगी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं.
कांग्रेस का उद्देश्य इन नेताओं को साथ लाकर स्थानीय समीकरणों में बदलाव करना और चुनावी मुकाबले को रोचक बनाना है. माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में कांग्रेस ज्वाइनिंग और स्थानीय गठजोड़ की रणनीति पर तेजी से काम करेगी, जिससे इन क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत हो सके.


