भोजपुरी स्टार Pawan Singh और उनकी पत्नी Jyoti Singh के बीच चल रहा विवाद अब कोर्ट और सोशल मीडिया दोनों जगह चर्चा का विषय बन गया है. 25 मार्च को आरा फैमिली कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान पवन सिंह तो मौजूद रहे, लेकिन ज्योति सिंह अनुपस्थित रहीं, जिससे मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया.
कोर्ट में पवन सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा कि अब इस रिश्ते को आगे बढ़ाने की कोई गुंजाइश नहीं बची है. उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा, जिसका असर उनके परिवार पर भी पड़ा. पवन का यह बयान मामले को और गंभीर बनाता है.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वहीं दूसरी तरफ, ज्योति सिंह ने सीधे तौर पर कुछ कहने के बजाय सोशल मीडिया का सहारा लिया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बैकग्राउंड में डायलॉग था— “किसकी बातों में आ गए तुम, अपनी खुशियां खुद खा गए तुम.” इस वीडियो को लेकर यूजर्स अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं और इसे पवन सिंह से जोड़कर देखा जा रहा है.
सोशल मीडिया पर इस वीडियो के बाद बहस तेज हो गई है. कुछ यूजर्स पवन सिंह के समर्थन में नजर आए, तो कुछ ने ज्योति सिंह का पक्ष लिया. इस तरह यह निजी विवाद अब पब्लिक प्लेटफॉर्म पर भी चर्चा का केंद्र बन गया है.
2018 में हुई शादी
अगर इस रिश्ते के बैकग्राउंड की बात करें तो यह पवन सिंह की दूसरी शादी है. उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह ने साल 2015 में आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद 2018 में पवन सिंह ने ज्योति सिंह से शादी की, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.
2022 में ज्योति ने तलाक की अर्जी दाखिल की
मामला तब और बढ़ गया जब अप्रैल 2022 में ज्योति सिंह ने तलाक की अर्जी दाखिल की. इसके बाद पवन सिंह ने भी कोर्ट का रुख किया. बताया जा रहा है कि ज्योति की ओर से एलिमनी के तौर पर बड़ी रकम और मकान की मांग की गई है, जिससे मामला और जटिल हो गया है.
अब इस पूरे मामले की अगली सुनवाई 5 मई को होनी है. पवन सिंह ने वन-टाइम सेटलमेंट की इच्छा जताई है, जबकि ज्योति सिंह न्याय की मांग पर अड़ी हुई हैं. ऐसे में अब सभी की नजर कोर्ट के अगले फैसले पर टिकी है, जो इस विवाद में अहम मोड़ ला सकता है.


