देहरादून: उत्तराखंड में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने से धूप खिली, वहीं ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल बने रहेंगे और शनिवार को हल्की वर्षा के आसार हैं। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे ठंडक और बढ़ने की संभावना है।
मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश
देहरादून, अल्मोड़ा, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं अन्य मैदानी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
तापमान में आई गिरावट
बीते दिनों हुई बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं (30–40 किमी/घंटा) चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
देहरादून: अधिकतम 32.3°C | न्यूनतम 16.6°C
ऊधमसिंह नगर: अधिकतम 32.4°C | न्यूनतम 16.8°C
मुक्तेश्वर: अधिकतम 22.0°C | न्यूनतम 6.9°C
नई टिहरी: अधिकतम 21.9°C | न्यूनतम 7.8°C


