उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पहले सांप के डंसने से हुई मौत माने जा रहे एक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय अतुल पंवार की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी. इस मामले में मृतक की पत्नी दामिनी, उसके कथित प्रेमी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस का दावा है कि पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने अतुल को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए उसकी हत्या की साजिश रची थी. साथ ही आरोपी बीमा की रकम हासिल करना चाहते थे.
प्रेम विवाह के छह साल बाद सामने आई साजिश
पुलिस के मुताबिक, अतुल पंवार और दामिनी ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था. दोनों मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे.
शुक्रवार सुबह अतुल को कथित रूप से सांप के काटने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बिस्तर पर मिला सांप, परिवार को हुआ शक
घटना के बाद अतुल के बिस्तर पर एक सांप मिला, लेकिन परिजनों को मौत पर संदेह हुआ. इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दामिनी की स्कूल में ड्राइवर के रूप में काम करने वाले तुषार उर्फ निक्की से लगातार मोबाइल पर बातचीत होती थी. पूछताछ में दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ.
दूध में मिलाई गई थीं नींद की गोलियां
पुलिस के अनुसार, घटना से एक रात पहले अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई गईं. इसके बाद तुषार अपने दो साथियों सोनू और उदय के साथ सांप लेकर आया और उसे अतुल के कंबल में छोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
20 लाख की बीमा राशि भी थी साजिश की वजह
जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी थी. पुलिस का दावा है कि बीमा की रकम मिलने के बाद आरोपी सोनू और उदय को 5-5 लाख रुपये देने का वादा किया गया था.
पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश
पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने कथित तौर पर कार से टक्कर मारकर अतुल की हत्या करने की कोशिश की थी. हालांकि उस समय अतुल ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसकी जान बच गई.
फिलहाल पुलिस ने दामिनी, तुषार, सोनू और उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.


