श्रावण मास कांवड़ मेले के लिए हरिद्वार में रविवार से सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी गई है। अगले 16 दिनों तक मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों के करीब 6,000 जवान तैनात रहेंगे। पूरे मेले की निगरानी 24 घंटे कंट्रोल रूम से की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुपर जोन की जिम्मेदारी एएसपी स्तर के अधिकारियों, जोन की जिम्मेदारी सीओ और सेक्टर की जिम्मेदारी एसएचओ, एसओ व एसएसआई स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
अफवाहों और सोशल मीडिया पर विशेष नजर
रोशनाबाद पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन ने जवानों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी अफवाह को तुरंत रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की जानकारी बिना देर किए वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने एआई और सोशल मीडिया के जरिए फर्जी सूचनाओं के तेजी से फैलने की आशंका जताते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
भड़काऊ गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर
गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने निर्देश दिए कि धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली किसी भी गतिविधि, जैसे डीजे पर भड़काऊ गीत बजाना या असामाजिक तत्वों की हरकतों को तत्काल रोका जाए। वहीं आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे ने सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
बुनियादी सुविधाओं की भी होगी निगरानी
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को पार्किंग, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
एसपी सिटी बने कांवड़ मेले के नोडल अधिकारी
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह को कांवड़ मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों की जिम्मेदारी एसपी देहात शेखर सुयाल और यातायात एवं डायवर्जन की कमान एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव को सौंपी गई है।
प्रशासन का कहना है कि इस बार सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
