देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां जारी हैं. दिल्ली-NCR में एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने 14 और 15 सितंबर को दिल्ली-NCR में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. बारिश के साथ मौसम सुहावना होने के साथ ही कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.
उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश
उत्तराखंड में भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा. IMD ने 14 सितंबर को राज्य में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है. हालांकि 15 सितंबर से फिलहाल किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं है. पहाड़ी इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
UP में फिलहाल राहत, नहीं है कोई विशेष अलर्ट
उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों यानी पूर्वी और पश्चिमी UP के लिए 14 और 15 सितंबर को IMD ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि स्थानीय स्तर पर बादल और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम में फिर बदलाव हो सकता है.
बिहार में 16-17 सितंबर को फिर बारिश का दौर
बिहार में 14 और 15 सितंबर को फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन 16 और 17 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है. ऐसे में अगले दो दिनों के बाद बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
दिल्ली में आज बारिश के आसार
दिल्ली में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं. IMD के मुताबिक 14 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी है और 15 सितंबर को भी इसका असर रह सकता है. इसके बाद 16 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है.

