दुबई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर 8वीं बार महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. हालांकि, शानदार जीत के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन सेरेमनी ने पूरे मामले को अलग ही चर्चा में ला दिया. भारतीय टीम ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं पहुंची. एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी कुछ देर तक मंच पर अकेले खड़े रहे और बाद में वहां से चले गए.
ट्रॉफी लेने मंच पर नहीं पहुंची भारतीय टीम
श्रीलंका को हराने के बाद जब ट्रॉफी प्रेजेंटेशन शुरू हुआ तो श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने रनर-अप का पुरस्कार लिया. इसके बाद भारतीय टीम की बारी थी, लेकिन कोई भी खिलाड़ी ट्रॉफी लेने मंच पर नहीं पहुंचा. पूरी भारतीय टीम ड्रेसिंग रूम में ही रही.
इसके बाद BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ड्रेसिंग रूम में नंदिनी शर्मा को ‘बेस्ट फील्डर मेडल’ दिया. भारतीय खिलाड़ी इसके बाद भी ट्रॉफी लेने के लिए मैदान पर नहीं लौटीं.
मोहसिन नकवी को लेकर क्यों हुआ ऐसा?
भारतीय टीम के इस फैसले को भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव और पिछले साल के एशिया कप विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. पिछले साल भारतीय पुरुष टीम ने भी एशिया कप जीतने के बाद मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था.
इस बार महिला टीम ने भी प्रेजेंटेशन सेरेमनी में हिस्सा नहीं लिया. BCCI ने साफ किया कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया था, बल्कि इसके पीछे भारत का मौजूदा रुख और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना है.
BCCI सचिव ने बताई फैसले की वजह
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ‘स्पोर्ट्स तक’ से बातचीत में कहा कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव बढ़ा था. उन्होंने कहा कि BCCI ने पाकिस्तान के साथ खेलने को लेकर अपनी चिंताएं रखीं, लेकिन केंद्र सरकार की नीति का पालन किया.
सैकिया के मुताबिक, भारतीय टीम और देश के लोगों के लिए ‘नेशन फर्स्ट’ सबसे ऊपर है. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में जब किसी व्यक्ति की ओर से भारत के खिलाफ युद्ध जैसी बात कही गई हो, तो उसके हाथों से ट्रॉफी लेना उचित नहीं लगता.
PM मोदी, राष्ट्रपति और अमित शाह ने दी बधाई
ट्रॉफी विवाद के बीच भारतीय टीम की शानदार जीत की देशभर में तारीफ हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, शानदार प्रदर्शन और जज्बे की सराहना की. उन्होंने कहा कि यह जीत देश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में टीम के एकजुट प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि भारतीय बेटियों ने देश का मान बढ़ाया है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीम की जीत को शानदार बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और 8वीं बार महिला एशिया कप जीतकर देश को गर्व करने का मौका दिया.
अब एशियन गेम्स पर टीम इंडिया की नजर
भारतीय महिला टीम के कोच अमोल मजूमदार ने भी मोहसिन नकवी से जुड़े विवाद पर टीम के रुख का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि टीम BCCI के फैसले के साथ है. मजूमदार ने यह भी बताया कि स्टेडियम की स्क्रीन पर भारत को चैंपियन दिखाया गया था.
अब भारतीय महिला टीम का फोकस एशियन गेम्स की तैयारियों पर है. टीम ने एशिया कप का अभियान खिताब के साथ खत्म किया है और अब उसकी नजर अगले बड़े टूर्नामेंट पर है.


