दिल्ली के जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शनों के लिए बंद किए जाने की खबरों पर दिल्ली पुलिस ने स्थिति साफ कर दी है। पुलिस ने कहा कि जंतर-मंतर को सील करने या प्रदर्शन पर रोक लगाने के दावे पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। लोगों से ऐसी अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की गई है।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर अब भी शांतिपूर्ण और अधिकृत विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थान है। यहां एक समय में अधिकतम 1000 लोगों के एकत्र होने की अनुमति दी जा सकती है। पुलिस ने कहा कि सभी प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार आयोजित कराए जाते हैं।
अफवाह क्यों फैली?
हाल ही में जंतर-मंतर पर बैरिकेड्स को मजबूत करने के लिए वेल्डिंग का काम किया गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा कि प्रदर्शन स्थल को स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह केवल सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम था, इसका प्रदर्शन स्थल बंद करने से कोई संबंध नहीं है।
लोगों से की अपील
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।


