‘बिग बॉस 20’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेकर्स ने शो का पहला टीज़र जारी कर दिया है और साथ ही प्रीमियर डेट का भी ऐलान कर दिया है। इस बार ‘बिग बॉस’ अपने 20 साल पूरे होने का जश्न मनाएगा, इसलिए नया सीजन पहले से ज्यादा ग्रैंड और ट्विस्ट से भरपूर होने वाला है। शो को एक बार फिर सलमान खान होस्ट करेंगे।
सलमान के डायलॉग ने बढ़ाया सस्पेंस
टीज़र में सलमान खान शानदार अंदाज में घोड़े के साथ एंट्री करते हैं और कहते हैं, “जो करण-अर्जुन में हुआ था, वो होगा अब बिग बॉस में… That’s Two!”
इस डायलॉग के साथ दिखाए गए विजुअल हिंट ने फैंस के बीच कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इस रहस्य का मतलब निकालने में जुट गए हैं।
सलमान बोले- टीज़र में छिपा है बड़ा राज
सलमान खान ने कहा कि इस बार शो के केंद्र में एक ऐसा रहस्य है, जो इसे अब तक के सभी सीजन से अलग बनाएगा। उन्होंने फैंस से टीज़र को दोबारा ध्यान से देखने की अपील की और कहा कि आने वाले दिनों में कई ऐसे सुराग सामने आएंगे, जो इस बड़े ट्विस्ट का खुलासा करेंगे।
6 सितंबर से शुरू होगा नया सीजन
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर से कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर होगा। टीज़र रिलीज होने के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
‘करण-अर्जुन’ वाले हिंट के बाद सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार शो में पुराने कंटेस्टेंट्स की वापसी हो सकती है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इन नामों की हो रही चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार शो में निया शर्मा, अर्जुन बिजलानी, करण पटेल, जन्नत जुबैर, फैसल शेख (Mr. Faisu), रुरु ठाकुर, उर्फी जावेद और कुशल तनवार (गुल्लू) जैसे नामों की चर्चा है। हालांकि, सभी कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक सूची का अभी इंतजार है।


