देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखा रहा है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश हुई। मसूरी में सबसे अधिक 135 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर पड़ सकते हैं। खासकर देहरादून में लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भी भारी बारिश, तेज गर्जना, बिजली गिरने और तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है।
मसूरी में सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को मसूरी में 135 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा देहरादून, सोनप्रयाग, धारचूला, हरिपुर और कालसी में भी अच्छी बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते कई जगह जलभराव और पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और यात्रियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


