देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर भारत में सबसे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर में सबसे ज्यादा बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, असम और मेघालय में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में भी तेज बारिश का अनुमान है।
नॉर्थ भारत के कई राज्यों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
पूर्वी भारत में भी बारिश का असर
बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा और सिक्किम के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी बरसेंगे बादल
कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं केरल, तटीय और आंतरिक कर्नाटक में भी अच्छी बारिश का अनुमान है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।


