झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आंदोलन गुरुवार को 14वें दिन भी जारी रहा। इस बीच आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फोन पर छात्रों से बातचीत कर उनके मुद्दों का समर्थन किया, जबकि विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन भाजपा विधायकों ने भी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी ने छात्रों से फोन पर की बात
छात्र नेता पियूष कुमार ने बताया कि राहुल गांधी ने आंदोलनकारियों से फोन पर बातचीत की और परीक्षा रद्द करने, निष्पक्ष जांच तथा भर्ती आयोगों में सुधार की मांग का समर्थन किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को सरकार के सामने उठाया जाएगा।
विधानसभा के बाहर BJP का प्रदर्शन
झारखंड विधानसभा के बाहर भाजपा विधायकों ने JPSC-JSSC भर्ती घोटाले को लेकर प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। भाजपा ने सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए मामले की CBI जांच की मांग दोहराई।
सरकार से बातचीत के लिए 11 सदस्यीय टीम तैयार
JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने सरकार से बातचीत के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया है। इसमें आठ छात्र प्रतिनिधि, एक वकील और दो तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं। छात्रों ने साफ किया है कि सरकार के साथ होने वाली बातचीत मीडिया की मौजूदगी में ही होगी।
10 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी
छात्रों ने ऐलान किया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। आंदोलनकारियों का कहना है कि सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव आया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।
देवेंद्र नाथ महतो का अनशन जारी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र नाथ महतो का आमरण अनशन जारी है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने स्पष्ट किया कि महतो ने अनशन खत्म नहीं किया है। उन्होंने केवल पानी और नमक लेना शुरू किया है, जबकि भोजन अब भी नहीं कर रहे हैं। फिलहाल छह छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
सरकार का दावा- 19 लोगों की गिरफ्तारी
झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच जारी है और अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


