भोजपुरी सुपरस्टार और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहे हैं. खासकर Gen Z के बीच उनके शिव भजन को लेकर मीम्स और रिक्रिएशन वीडियो की बाढ़ आ गई है. युवाओं के इस प्यार से रवि किशन भी काफी खुश नजर आ रहे हैं.
दरअसल, सावन के दौरान एक कार्यक्रम में रवि किशन ने ‘कोटेश्वराय शिव कोटेश्वराय’ भजन लाइव गाया था. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद युवाओं ने भजन को अलग-अलग अंदाज में रीक्रिएट किया और इस पर जमकर मीम्स बनाए जाने लगे. देखते ही देखते रवि किशन का यह अंदाज Gen Z के बीच काफी पॉपुलर हो गया.
‘Gen Z ने हमें पगला दिया’
सोशल मीडिया पर मिल रही इस लोकप्रियता को लेकर रवि किशन ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत की. भोजपुरी अंदाज में उन्होंने कहा, “ई Gen Z हमरा के पगला दिहेल बाड़न. हमरा बुद्धिया बंद कई देहना. बुद्धिया नाहीं चलता.”
यानी रवि किशन का कहना था कि Gen Z ने उन्हें इतना प्यार और लोकप्रियता दी है कि उनकी तो ‘बुद्धि ही काम करना बंद कर चुकी है’. उन्होंने युवाओं की ओर से मिल रहे इस प्यार के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया.
मीम्स से लेकर रिक्रिएशन तक, खूब वायरल हुआ भजन
रवि किशन के शिव भजन का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर युवाओं ने इसे अपने-अपने अंदाज में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया. कई यूजर्स ने भजन को रीमिक्स और रिक्रिएट किया, जबकि कुछ ने इसे लेकर मजेदार मीम्स बनाए.
रवि किशन के लिए यह इसलिए भी खास है क्योंकि भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार के तौर पर उनकी पहले से बड़ी फैन फॉलोइंग है, लेकिन इस वायरल ट्रेंड ने उन्हें युवाओं के बीच एक अलग अंदाज में चर्चा में ला दिया है. अब खुद रवि किशन भी Gen Z के इस प्यार और सोशल मीडिया क्रेज को खूब एंजॉय करते नजर आ रहे हैं.


