देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने 16 अगस्त को दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में मौसम करवट ले सकता है।
कई इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। तेज बारिश और हवाओं के कारण जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहेगा। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के बीच भूस्खलन और अचानक नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 16 अगस्त को बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी में 70 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, सहारनपुर, शामली, बुलंदशहर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है।
इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार और झारखंड में भी आंधी-बारिश
बिहार के पश्चिम चंपारण, पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर और बेगूसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी है। हवा की रफ्तार 60-65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
झारखंड में रांची, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और देवघर समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
राजस्थान और MP में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान के अलवर, करौली, बारां, झालावाड़, कोटा, भरतपुर, अजमेर और भीलवाड़ा समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। हवा करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, दमोह, राजगढ़, श्योपुर, नीमच, विदिशा, बालाघाट, खंडवा, सिवनी और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार करीब 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ा खतरा
उत्तराखंड के नैनीताल, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और देहरादून समेत कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है।
भारी बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, सिरमौर, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और सोलन में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। यहां 50-55 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवाएं चल सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर में 70 KM तक चलेंगी हवाएं
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़, जम्मू, पुंछ, कुपवाड़ा, रियासी, रामबन, उधमपुर, बांदीपोरा और शोपियां समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वोत्तर में 21 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
पूर्वोत्तर भारत में भी अगले कई दिनों तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 16 से 21 अगस्त तक बारिश की संभावना है, जबकि 18 से 21 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
असम और मेघालय में 17 से 21 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 16 से 21 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग के अलर्ट के बीच लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन संभावित इलाकों और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की जरूरत है।


