बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को कुचल दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
झूलन पर्व के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, घटना सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग पर बजरंगबली मंदिर के पास हुई। मंगलवार शाम करीब 8 बजे झूलन पर्व के अवसर पर कुछ ग्रामीण मंदिर के पास धार्मिक अनुष्ठान के लिए जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में कटैया गोठ गांव निवासी सुरेंद्र यादव, तिलायी दास, राजू दास, भुवनेश्वरी यादव और कृष्ण मोहन की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है।
हादसे के बाद चालक फरार
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और वाहन की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है।
गुस्साए लोगों ने सड़क जाम की
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध जताया। बाद में सुपौल सदर एसडीओ मनोहर कुमार साहू और एसडीपीओ राजीव रंजन समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।


