राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष में एमकेवीएन एजुकेशनल ग्रुप की ओर से हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में ‘लेट्स रन’ मैराथन और बालिका वर्ग की रस्साकस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. यह 7 किमी मैराथन का नौवां संस्करण और रस्साकस्सी प्रतियोगिता का छठा संस्करण था.
मोटरनगर से शुरू हुई 7 किमी की दौड़
मैराथन दौड़ मोटरनगर से शुरू होकर एमकेवीएन स्कूल दुर्गापुरी के परिसर में समाप्त हुई. इस प्रतियोगिता में 438 धावकों ने हिस्सा लिया और क्षेत्र के करीब 30 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा दिखाई.
स्वास्थ्य और खेल के प्रति जागरूकता का संदेश
एमकेवीएन एजुकेशनल ग्रुप हर वर्ष स्वास्थ्य और खेलकूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन करता है. प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करने और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया.
मुख्य अतिथियों ने दिखाई हरी झंडी
कृषि मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला, डू समथिंग सोसाइटी के संरक्षक प्रकाश चंद्र कोठारी, कैप्टन पी.एल. खंतवाल, शंकर दत्त गौड़, रिपुदमन सिंह बिष्ट और जनार्दन ध्यानी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर और हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया.
मोबाइल और वीडियो गेम से दूरी बनाने की अपील
मुख्य अतिथि सुमन कोटनाला ने प्रतियोगिताओं को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने छात्र-छात्राओं से मोबाइल और वीडियो गेम पर अत्यधिक समय खर्च करने के बजाय मैदानी खेलों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने की अपील की.
मयंक नेगी ने जीता ‘लेट्स रन’ मैराथन
प्रतियोगिता में एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, कोटद्वार के मयंक नेगी ने पहला स्थान हासिल किया. इंटर कॉलेज मोटाढाक के विजय दूसरे स्थान पर रहे, जबकि विद्या मंदिर जानकीनगर के आर्यन रावत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया.
टॉप 15 धावकों ने दिखाया दम
मैराथन में जीआईसी इंटर कॉलेज सुखरौ के सुमित कुमार चौथे और नवयुग पब्लिक स्कूल के आदि पांचवें स्थान पर रहे. इसके अलावा रोहित ने छठा, आरसीडी पब्लिक स्कूल के लोकेश ने सातवां और जीआईसी सुखरौ के रौशन ने आठवां स्थान हासिल किया.
अन्य प्रतिभागियों ने भी किया शानदार प्रदर्शन
एसपीवीएम झंडीचौड़ के हिमांशु नौवें, जीआईसी दुगड्डा के तनिष दसवें स्थान पर रहे. जीआईसी सुखरौ के हर्ष सैनी और आदर्श डबराल ने क्रमशः 11वां और 12वां स्थान प्राप्त किया. एमकेवीएन स्कूल कण्वघाटी के आयुष बहुखंडी 13वें, आरपी पब्लिक स्कूल के वंश रावत 14वें और जीआईसी इंटर कॉलेज सैम के उज्ज्वल 15वें स्थान पर रहे.
कक्षा 4 की नैनसी ने सबको किया हैरान
एमकेवीएन स्कूल दुर्गापुरी की कक्षा 4 की छात्रा नैनसी रावत ने भी 7 किमी की मैराथन पूरी कर सभी को प्रभावित किया. विद्यालय प्रबंधन ने उनकी हिम्मत, साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
रस्साकस्सी में एमकेवीएन कण्वघाटी की जीत
बालिका वर्ग की रस्साकस्सी प्रतियोगिता में क्षेत्र के 12 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में एमकेवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल कण्वघाटी की छात्राओं ने खिताब अपने नाम किया, जबकि ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा.
विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार और ट्रॉफियां
समापन समारोह में प्रबंध निदेशक प्रकाश चंद्र कोठारी और कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी ‘भारतीय’ ने मैराथन के विजेताओं को क्रमशः 2,100 रुपये, 1,500 रुपये और 1,100 रुपये, टी-शर्ट, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. रस्साकस्सी प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को भी ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए.
बच्चों को खेल और नशे से दूरी का संदेश
कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी ‘भारतीय’ ने बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित किया और खेल भावना की सराहना की. उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन रहा है और युवाओं को इससे दूर रहकर सकारात्मक कार्यों में आगे बढ़ना चाहिए.
खेल शिक्षकों को भी किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में छात्रों को प्रोत्साहित करने वाले विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों को भी सम्मानित कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया. कार्यक्रम का संचालन नितिश कुमार ने किया.
कई स्कूलों के छात्रों ने लिया हिस्सा
‘लेट्स रन’ मैराथन और रस्साकस्सी प्रतियोगिता में कोटद्वार क्षेत्र के जीआईसी दुगड्डा, जीआईसी सुखरौ, इंटर कॉलेज मोटाढाक, विद्या मंदिर जानकीनगर, बलूनी पब्लिक स्कूल, एसपीवीएम झंडीचौड़, एसजीआरआर, ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल, नवयुग पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, महर्षि विद्या मंदिर और एमकेवीएन समेत करीब 30 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया.


