मध्य प्रदेश के 20 वर्षीय बिट्टू उर्फ ‘बिट्टू तबाही’ इन दिनों अपने अनोखे प्रयास को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने प्रदूषण से जूझ रही अजनार नदी को साफ करने का जिम्मा खुद उठाया है। बिना किसी सरकारी अभियान या संस्था का इंतजार किए बिट्टू अपने खर्च पर नदी और सार्वजनिक जगहों से प्लास्टिक, कचरा और गंदगी निकाल रहे हैं।
3 महीने तक एक घाट की सफाई
हाल ही में शेयर किए गए एक वीडियो में बिट्टू ने उन लोगों को जवाब दिया, जो उन पर सिर्फ वायरल होने के लिए वीडियो बनाने का आरोप लगा रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने नदी के अलग-अलग घाटों पर सफाई का काम किया और एक घाट को साफ करने में तीन महीने से ज्यादा का समय लगा।
बिट्टू ने कहा कि वीडियो बनाने के साथ-साथ उन्होंने वास्तव में जमीन पर काम भी किया है। उन्होंने अपने अभियान को लेकर आनंद महिंद्रा की एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया।
गंदे पानी से हुआ संक्रमण
नदी की सफाई के दौरान बिट्टू को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि प्रदूषित पानी और कचरे के लगातार संपर्क में रहने से उनके हाथ-पैरों की त्वचा संक्रमित होकर निकलने लगी थी।
उन्होंने बताया कि वह नदी साफ करने के लिए मशीन बनाना चाहते थे, लेकिन छात्र होने के कारण उनके पास पर्याप्त पैसे नहीं थे। इसलिए उन्होंने तय किया कि जितना संभव हो, वह अपने हाथों से ही नदी की सफाई करेंगे।
‘लोग मजाक उड़ाते हैं, पागल कहते हैं’
बिट्टू के मुताबिक, कई लोग उनके काम का मजाक उड़ाते हैं और उन्हें ‘पागल’ कहते हैं। कुछ लोग तो उनसे अपने नाले साफ करने के लिए भी कह देते हैं। इसके बावजूद उन्होंने नदी की सफाई का अभियान जारी रखा है।
उनका मकसद नदी में जमा प्लास्टिक और कचरा हटाने के साथ-साथ लोगों को जल प्रदूषण के खिलाफ जागरूक करना भी है।
सोशल मीडिया पर मिल रहा समर्थन
बिट्टू का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके प्रयास की सराहना की। अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने भी वीडियो पर हाथ जोड़ने वाली इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। वहीं इंफ्लुएंसर मुक्ता सिंह ने लिखा कि अगर हर कोई बिट्टू जैसा बनने का फैसला करे तो भारत कितना खूबसूरत देश बन सकता है।
एक यूजर ने लिखा, ‘बिट्टू को अभी बहुत कम समर्थन मिल रहा है, लेकिन मुझे यकीन है कि एक दिन पूरा देश इस लड़के को सम्मान देगा।’


