पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड बीरोंखाल में श्रम विभाग की ओर से श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने पहुंचकर पंजीकरण और नवीनीकरण से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी ली।
सतपाल महाराज ने सुनीं श्रमिकों की समस्याएं
शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने श्रमिकों और क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘श्रमिक विकास की नींव के पत्थर हैं’
सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। विशेषकर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों को पूरा करने में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
अब कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश
महाराज ने अधिकारियों से कहा कि पात्र श्रमिकों को विवाह अनुदान, शिक्षा सहायता, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना सहायता समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने श्रमिकों से भी अपील की कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराते रहें।
मां भगवती मंदिर विकास कार्य का भी शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान लघु सिंचाई विभाग की ओर से जिला योजना के तहत बडियान में मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर करीब 4 लाख रुपये की लागत आने की बात कही गई है।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ सुदर्शन बुटोला, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रेम सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिंगोड़ा और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


