नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं. इसी बीच एक्टर का साल 2023 का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में रणबीर कपूर गणपति बप्पा का प्रसाद यानी मोदक खाने से मना करते नजर आ रहे हैं. इसके बाद कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया.
बुजुर्ग ने दिया मोदक, रणबीर ने कर दिया मना
दरअसल, यह वीडियो 2023 के गणेश उत्सव का बताया जा रहा है. रणबीर कपूर गणपति बप्पा के दर्शन करने पहुंचे थे. दर्शन के बाद वह वहां मौजूद पैपराजी और मीडिया को अपने हाथों से मोदक बांट रहे थे.
इसी दौरान एक बुजुर्ग शख्स ने रणबीर को भी मोदक खाने के लिए दिया. रणबीर ने हाथ जोड़कर इसे लेने से मना कर दिया. उन्होंने बताया कि वह सख्त डाइट पर हैं और इसलिए मोदक नहीं खा सकते. इसके बाद उन्होंने मोदक पैपराजी को देते हुए कहा कि वह डाइट पर हैं, इसलिए बाकी लोग इसे खा लें.
पुराने वीडियो पर यूजर्स ने किया ट्रोल
वीडियो दोबारा वायरल होने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स रणबीर कपूर के इस फैसले से नाराज नजर आए. एक यूजर ने कहा कि डाइट अपनी जगह है, लेकिन प्रसाद के तौर पर थोड़ा सा मोदक खाने से कोई फर्क नहीं पड़ता.
वहीं, कुछ यूजर्स ने रणबीर के भगवान राम का किरदार निभाने को लेकर भी सवाल उठाए. कुछ लोगों का कहना है कि जो व्यक्ति प्रसाद लेने से मना कर रहा है, वह भगवान राम का किरदार कैसे निभाएगा. हालांकि, वायरल हो रहा यह वीडियो नया नहीं बल्कि 2023 का है.
रामायण में राम के किरदार में नजर आएंगे रणबीर
रणबीर कपूर इन दिनों नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म को दो भागों में रिलीज किए जाने की तैयारी है. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी.
वहीं, यश फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं. सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे.
स्टार्स से सजी है रामायण की कास्ट
‘रामायण’ में कई बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं. अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में दिखाई देंगी. वहीं, शीबा चड्ढा मंथरा का रोल निभा रही हैं.
‘रामायण’ के अलावा रणबीर कपूर ‘एनिमल पार्क’ और संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ में भी नजर आएंगे.

