उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले शासन ने प्रशासनिक और पुलिस तंत्र में लंबे समय से एक ही जगह तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए जिलावार ऐसे कार्मिकों की सूची तैयार की जा रही है, जो लंबे समय से एक ही जिले में सेवाएं दे रहे हैं.
डीएम से लेकर कप्तान तक शामिल
सूची में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ अन्य विभागों के कार्मिक भी शामिल हैं. इनमें जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान स्तर के अधिकारियों के अलावा वे कर्मचारी भी शामिल होंगे, जिनकी चुनाव प्रक्रिया में किसी न किसी रूप में ड्यूटी लगती है.
तीन साल पूरे कर चुके कार्मिकों का जुटाया जा रहा ब्योरा
चुनाव को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए आमतौर पर लंबे समय से एक ही जिले में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया जाता है. चुनाव आयोग की ओर से इस संबंध में शासन को दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं. हालांकि, अभी आयोग की ओर से औपचारिक निर्देश नहीं मिले हैं, लेकिन शासन ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है.
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ अन्य विभागों में भी तीन वर्ष की अवधि पूरी कर चुके कार्मिकों का ब्योरा जुटाया जा रहा है. इसके लिए जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. ब्योरा मिलने के बाद स्थानांतरण को लेकर सूची तैयार की जाएगी.
जल्द हो सकता है व्यापक फेरबदल
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में व्यापक फेरबदल देखने को मिल सकता है. सचिव कार्मिक शैलेश बगौली ने कहा कि स्थानांतरण एक सतत प्रक्रिया है. चुनाव आयोग के निर्देश मिलने पर उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी.


