मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है, लेकिन जाने से पहले एक बार फिर कई राज्यों में इसका असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 16 सितंबर को दिल्ली-UP समेत देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
दिल्ली में आज मध्यम बारिश के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी और सहारनपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है. लखनऊ में तापमान 32 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है.
बिहार-झारखंड में आंधी-बारिश का असर
बिहार के पटना, गया, बक्सर, रोहतास, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज और भागलपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. पटना में तापमान 33 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है.
झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग और देवघर समेत कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. रांची में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 22 डिग्री के आसपास रह सकता है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बढ़ी परेशानी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना है. उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग और देहरादून समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और चंबा में मौसम खराब रहने का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, बारामूला, पुंछ और राजौरी में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेना जरूरी है.
बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं का अलर्ट
पश्चिम बंगाल में कोलकाता समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
ओडिशा के भुवनेश्वर, पुरी, सुंदरगढ़ और मयूरभंज समेत कई इलाकों में भारी बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की संभावना है. वहीं, छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, बस्तर, दुर्ग और महासमुंद समेत कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है. यहां हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है.


