सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं, बाजार व्यवस्था और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार में सेमिनार आयोजित किया गया। एमएसएमई के लिए खरीद एवं विपणन सहायता योजना के तहत हुए कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों से पहुंचे उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई।
तकनीक और नवाचार अपनाने पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय, हल्द्वानी एवं देहरादून के निदेशक डॉ. एसके नेवार ने उद्यमियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने कारोबार को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने बाजार की बदलती जरूरतों के अनुसार तकनीक और नवाचार अपनाने पर भी जोर दिया।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था में MSME की अहम भूमिका
डॉ. नेवार ने कहा कि MSME क्षेत्र स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उद्यमियों को उपलब्ध सरकारी सहायता और सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
ऋण से लेकर TReDS तक योजनाओं की जानकारी
सेमिनार में ODR योजना, ऋण गारंटी सुविधा, TReDS, SRI फंड, पैकेजिंग एवं गुणवत्ता मानक समेत MSME से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही उद्योगों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
बाजार तक पहुंच और उत्पाद की गुणवत्ता पर मार्गदर्शन
सहायक निदेशक अमित मोहन ने उद्यमियों को योजनाओं की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने वित्तीय संसाधन जुटाने, उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर करने, आकर्षक एवं मानक पैकेजिंग, बाजार तक पहुंच बनाने और आधुनिक तकनीक अपनाने से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
उद्यमियों ने पूछे सवाल, विशेषज्ञों ने दिए जवाब
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने सरकारी योजनाओं, ऋण और वित्तीय सुविधाओं से जुड़े सवाल भी रखे। विशेषज्ञों ने उनके सवालों का जवाब देते हुए संबंधित योजनाओं और प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी।
इन औद्योगिक क्षेत्रों के उद्यमियों ने लिया हिस्सा
सेमिनार में औद्योगिक आस्थान सिताबपुर, सिग्गड़ी, जशोधरपुर और बलभद्रपुर के उद्यमियों के साथ जिले के अन्य क्षेत्रों से आए कारोबारी भी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमियों को सरकारी सहायता और बाजार से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी देकर कारोबार विस्तार के लिए उपलब्ध विकल्पों से परिचित कराना रहा।
अधिकारी और विशेषज्ञ रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोम नाथ गर्ग, प्रबंधक आरपी आर्य, उपासना सिंह, ईशा अग्रवाल, एमओएमएसएमई की श्रुति शुक्ला, CGTMSE मुंबई के प्रबंधक, आईआईटी रुड़की के प्रो. संजीव कुमार, सिडकुल निर्माता संघ कोटद्वार के सचिव विवेक चौहान और केनरा बैंक कोटद्वार के मुख्य प्रबंधक अनिमेष ध्यानी समेत विभागीय अधिकारी और जिला उद्योग केंद्र की टीम मौजूद रही।


