उत्तर प्रदेश के बलरामपुर नगर में एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. मृतका की पहचान वैष्णवी तिवारी के रूप में हुई है. परिवार ने आरोप लगाया है कि गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बज रहे तेज DJ की आवाज के कारण बच्ची की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई.
कक्षा में अचानक गिर पड़ी बच्ची
घटना सोमवार की बताई जा रही है. वैष्णवी स्कूल में पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान स्कूल के पास से गणेश विसर्जन का जुलूस निकला, जिसमें तेज आवाज में DJ बजाया जा रहा था. बताया गया है कि सीसीटीवी फुटेज में बच्ची कक्षा में असहज नजर आती है और कुछ देर बाद गिर जाती है.
बच्ची की तबीयत बिगड़ते ही शिक्षकों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके.
परिवार ने तेज DJ को बताया मौत की वजह
बच्ची की मौत के बाद परिवार ने जुलूस में बज रहे तेज DJ को लेकर सवाल उठाए हैं. परिजनों का आरोप है कि तेज आवाज के कारण वैष्णवी की तबीयत बिगड़ी और उसकी जान चली गई.
हालांकि, बच्ची की मौत की वास्तविक चिकित्सकीय वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस के मुताबिक, अभी तक परिवार की ओर से इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
बेटी की मौत के बाद गांव ले गया परिवार
वैष्णवी के पिता सोनू तिवारी बेटी की पढ़ाई के लिए बलरामपुर नगर में किराये के मकान में रह रहे थे. बच्ची की मौत के बाद परिवार उसके शव को सिद्धार्थनगर जिले के अपने पैतृक गांव गुलहरिया गंगापुर ले गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया.
घटना के बाद परिवार में मातम है. वहीं, स्थानीय लोगों के बीच भी तेज आवाज में DJ बजाए जाने को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है. घटना ने स्कूल, अस्पताल और घनी आबादी वाले इलाकों के आसपास ध्वनि की तीव्रता को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत पर भी सवाल खड़े किए हैं.

