मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत पौड़ी जिले के पाबौ विकासखंड के चिपलघाट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
15 विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान और स्वास्थ्य समेत करीब 15 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रखीं। विभागीय स्तर पर इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। कैबिनेट मंत्री ने भी ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।
महिलाओं को महालक्ष्मी और पोषण किट वितरित
शिविर के दौरान तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट और तीन महिलाओं को पोषण किट वितरित की गईं। इसके अलावा ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दो महिलाओं को सिलाई मशीन खरीदने के लिए 30-30 हजार रुपये के चेक भी दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र जितोली में आयोजित ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों और स्थानीय ग्रामीणों से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और समुचित विकास को लेकर चर्चा की।
बच्चों के शुरुआती विकास में आंगनबाड़ी की अहम भूमिका
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण और संस्कार निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। कार्यक्रम के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा को किया प्रोत्साहित
कैबिनेट मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा और विचारों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी की प्रतिभा को सही अवसर और दिशा देना जरूरी है।
ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाएं पहुंचाना अभियान का उद्देश्य
डॉ. रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ आमजन की समस्याओं के समाधान में तेजी लाना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
मार्च तक तीन तोकों को सड़क से जोड़ने का प्रयास
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पाबौ विकासखंड के लगभग सभी राजस्व ग्राम सड़क सुविधा से जुड़ चुके हैं। शेष तीन तोकों के लिए एस्टीमेट मांगा गया है। उन्होंने कहा कि मार्च तक इन तोकों को भी सड़क सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिविर में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


