उत्तर प्रदेश कांग्रेस में नई टीम के गठन और आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का बयान सामने आया है. अजय राय ने आराधना मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की.
आराधना मिश्रा को दी शुभकामनाएं
अजय राय ने आराधना मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह पूरी मेहनत से काम करें और कांग्रेस को उनसे भी आगे लेकर जाएं. उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई भी जिम्मेदारी स्थायी नहीं होती और उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी मेहनत से काम किया.
अजय राय ने केंद्रीय नेतृत्व और खास तौर पर राहुल गांधी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश की कमान सौंपी और उन्हें नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का मौका दिया.
‘मुझसे इस्तीफा नहीं मांगा गया’
प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर अजय राय ने कहा कि उनसे इस्तीफा नहीं मांगा गया और न ही पार्टी की ओर से उन पर कोई दबाव बनाया गया. उन्होंने कहा कि वह पार्टी के निर्देशों का पालन करते हैं.
अजय राय ने बताया कि उनकी राहुल गांधी से भी मुलाकात हुई थी. इस दौरान प्रदेश को मजबूत करने, पार्टी के लिए आगे की रणनीति और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई.
उन्होंने कहा, ‘मैंने अपना कर्तव्य, धर्म और दायित्व निभाया है. आगे भी पूरी ईमानदारी और ताकत के साथ इसे निभाता रहूंगा.’
वाराणसी में मोदी के खिलाफ चुनाव का किया जिक्र
अजय राय ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से मिली ताकत की वजह से वाराणसी में नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस को 4 लाख 60 हजार वोट मिले. उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान सात राउंड में वह मोदी से आगे भी रहे थे.
उन्होंने कहा कि यह इस बात को दिखाता है कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर कितना भरोसा किया था.
‘कांग्रेस को मुझसे भी आगे लेकर जाएं आराधना मिश्रा’
आराधना मिश्रा के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर अजय राय ने कहा कि वह तीन बार की विधायक हैं और उनके परिवार का भी राजनीतिक प्रभाव रहा है. उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस का समीकरण पहले से ज्यादा मजबूत है.
अजय राय ने कहा, ‘मैं उनसे कहूंगा कि खूब मेहनत करें. मुझे उम्मीद है कि वह कांग्रेस पार्टी को मुझसे भी आगे लेकर जाएंगी.’
महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा
अजय राय ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सरकार पर वसूली और चोरी के आरोप भी लगाए. गोरखपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने वहां विकास के दावों पर सवाल उठाए और कहा कि लोगों के घरों में पानी भरा हुआ है.
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे और पहले के मुकाबले दोगुनी ताकत के साथ आगे बढ़ेंगे.


