नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया. हिरासत में लिए गए लोगों में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता आतिशी, सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और संजय सिंह के अलावा विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ता भी शामिल हैं.
प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) को लेकर सवाल उठा रहे हैं. प्रदर्शन में AAP के साथ AISA, SFI, NSUI समेत कई छात्र संगठन भी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें.
पुलिस ने कई जगह प्रदर्शनकारियों को रोका
पुलिस के मुताबिक, बड़ी संख्या में SFI कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश की, जिन्हें अशोक रोड राउंडअबाउट के पास रोक दिया गया. इनमें से कई लोगों को हिरासत में लिया गया.
वहीं, AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को नॉर्थ एवेन्यू इलाके में ही रोक दिया गया. सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद उन्हें और संजीव झा को हिरासत में लिया गया.
जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी. पुलिस ने पहले ही प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी. अधिकारियों के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था.
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की गई. कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार करते हुए भी नजर आए.
कई मेट्रो स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट बंद
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद किया गया. राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए प्रतिबंध लगाए गए. जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित की गईं.
छात्र संगठनों के कार्यकर्ता भी हिरासत में
SFI की महासचिव आइशी घोष ने दावा किया कि कई SFI और DYFI कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है. NSUI के कई कार्यकर्ताओं को भी प्रदर्शन स्थल से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई.


