प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के तहत मंगलवार को श्रीनगर, श्रीकोट और खिर्सू क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं. विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
तिरंगा यात्राओं के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में नजर आया. भारत माता की जय और राष्ट्रप्रेम के नारों के बीच प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया.
श्रीकोट से मेडिकल कॉलेज तक निकली यात्रा
श्रीकोट पेट्रोल पंप से शुरू हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां इसका समापन किया गया. इसके अलावा श्रीनगर और खिर्सू क्षेत्र में भी तिरंगा यात्राओं का आयोजन हुआ.
तीनों स्थानों पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी देखने को मिली. हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया.
‘तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक’
कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है.
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनें.
विद्यार्थियों को बताई जाएगी शहीदों की कहानी
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है.
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के जीवन एवं योगदान पर आधारित निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इसके जरिए विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष से परिचित कराया जाएगा.
युवाओं को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
तिरंगा यात्रा के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई.
उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.
शिक्षक, छात्र और स्थानीय लोगों ने लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में प्रो. विनिता रावत, प्रो. दीपा हटवाल, प्रो. अनिल द्विवेदी, डॉ. सुरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. बीपी नैथानी, तहसीलदार दीपक भंडारी, खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित मुकेश बहुगुणा, मुकेश काला, गणेश भट्ट, यशीश रावत और अतुल उनियाल समेत विभिन्न संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, युवा और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.


