मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. जनसुनवाई के दौरान अलग-अलग जिलों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं.
मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सुनीं फरियादें
मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाता है.
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के जरिए लोगों को अपनी बात सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलता है और लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान का रास्ता भी खुलता है.
सड़क, पेयजल और रोजगार से जुड़े मामले पहुंचे
जनसुनवाई में लोगों ने सड़क और संपर्क मार्ग, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, सिंचाई, रोजगार, स्थानांतरण और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न मामले मुख्यमंत्री के सामने रखे.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए पात्रता और निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई करने को कहा.
अधिकारियों को अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनमें अनावश्यक देरी न की जाए. वहीं जिन मामलों में शासन स्तर पर निर्णय की आवश्यकता है, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द शासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाए.
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर उन पर यथाशीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
‘हर नागरिक तक पहुंचे सुशासन का लाभ’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक सुशासन का लाभ पहुंचाना है. सरकार की योजनाओं और नीतियों की सफलता तभी सार्थक होगी, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे.
उन्होंने अधिकारियों से आमजन से जुड़े मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमों के तहत समाधान सुनिश्चित करने की अपेक्षा की.
समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनभावनाओं और जनअपेक्षाओं के अनुरूप काम करते हुए उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए.
जनसुनवाई के दौरान प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. काण्डपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


