उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पति-पत्नी के विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. ब्रजघाट तीर्थ नगरी में एक महिला ने अपने पति को कथित तौर पर दूसरी महिला के लिए छोले-भटूरे पैक कराते हुए पकड़ लिया. महिला अपने परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंची और पति को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया. काफी देर तक मौके पर विवाद होता रहा. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया.
पति पर दूसरी महिला के साथ रहने का आरोप
पत्नी कविता का आरोप है कि उसका पति उस पर और अपने बच्चों पर ध्यान नहीं देता है. महिला का दावा है कि उसका पति घर से खाना पैक कराकर ले जाता है और दूसरी महिला के साथ होटल में जाकर रहता है. कविता के मुताबिक, वह काफी समय से अपने पति को समझाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया.
पति का पीछा कर ब्रजघाट पहुंची पत्नी
कविता के मुताबिक, उसे दोबारा अपने पति पर शक हुआ तो उसने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. इसी दौरान वह ब्रजघाट पहुंच गई, जहां कथित तौर पर उसका पति दूसरी महिला के लिए छोले-भटूरे पैक कराता हुआ दिखाई दिया. पत्नी ने अपने परिवार और पति के परिवार के लोगों को भी मौके पर बुला लिया. इसके बाद सभी ने पति को घेर लिया और वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा.
दूसरी महिला पर कार्रवाई की मांग
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया. पत्नी कविता ने अपने पति के साथ कथित तौर पर संबंध रखने वाली महिला के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद ब्रजघाट इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा.


