उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। राजधानी देहरादून समेत कई शहरों में पारा लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल 18 और 19 मई तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है, लेकिन 20 मई से मौसम करवट ले सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, देहरादून में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं आने वाले चार से पांच दिनों में तापमान में तीन डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने मैदानी इलाकों में लू जैसे हालात बनने की आशंका जताई है।
20 मई से बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 20 मई से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम बदल सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गर्जन और 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही 20 और 21 मई को पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
हल्द्वानी में नौ दिन में आठ डिग्री बढ़ा तापमान
हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी तेजी से बढ़ी है। बीते नौ दिनों में अधिकतम तापमान में करीब आठ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नौ मई को जहां तापमान 30 डिग्री था, वहीं 17 मई तक यह बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है। इसके साथ ही वातावरण में नमी कम होने से सूखी गर्मी लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है। नमी घटने के कारण जंगलों में आग लगने का खतरा भी बढ़ गया है।
नैनीताल में भी बढ़ी तपिश
Nainital में भी मौसम ने करवट ले ली है। कुछ दिन पहले तक ठंड महसूस कर रहे लोग अब गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। दिनभर तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को नैनीताल का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


