अमेरिका के यूटा राज्य के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली फेयर मॉल में एक भारतीय मूल के मुस्लिम युवक पर कथित तौर पर धर्म पूछने के बाद चाकू से हमला किया गया। पीड़ित की पहचान सोहैल के रूप में हुई है, जो मॉल के एक कियोस्क में काम करता था। हमले में उसे करीब 15 बार चाकू मारा गया, जिसके बाद उसकी कई सर्जरी हुई हैं और उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
‘क्या तुम मुस्लिम हो?’ पूछकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय आरोपी पीटर माइकल लार्सन पहले सोहैल के पास पहुंचा और बातचीत शुरू की। उसने पूछा कि वह कहां से है। सोहैल ने बताया कि वह भारत से है। इसके बाद आरोपी ने उससे पूछा, “क्या तुम मुस्लिम हो?” जैसे ही सोहैल ने हां में जवाब दिया, आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले सोहैल से पानी की बोतल भी मांगी थी। जैसे ही वह पानी देने के लिए मुड़ा, आरोपी ने चाकू निकालकर हमला शुरू कर दिया।
राहगीरों ने बचाई जान
हमले के दौरान मॉल में मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस आने तक उसे दबोचे रखा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और खतरनाक हथियार रखने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
‘मुसलमानों को मारना चाहता हूं’
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने सोहैल को जानबूझकर इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था। उसने यह भी कहा कि उसका इरादा “मुसलमानों को मारने” का था। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी की विचारधारा और हरकतें सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।
परिवार का इकलौता कमाने वाला है सोहैल
सोहैल के सहकर्मियों ने बताया कि वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। उसकी पत्नी फिलहाल काम नहीं करती और उनके दो छोटे बच्चे हैं। इलाज का खर्च उठाने के लिए उसके समर्थन में फंड जुटाने का अभियान भी शुरू किया गया है।
‘नफरत के लिए कोई जगह नहीं’
सोहैल के मैनेजर अदनान मोहम्मद ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह साफ तौर पर हेट क्राइम है और समाज में ऐसी नफरत के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सोहैल मेहनती, खुशमिजाज और जिम्मेदार कर्मचारी था, जिसे हाल ही में मैनेजर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, अमेरिका में हाल के वर्षों में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ बढ़ते हमलों और हेट क्राइम को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।


