उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. नाका थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित विजन अपार्टमेंट में 17 वर्षीय नाबालिग ने अपनी 42 वर्षीय मां की कथित तौर पर रिंच से वार कर हत्या कर दी. वारदात के बाद नाबालिग ने खुद पुलिस को फोन किया और कहा, “मैंने अपनी मां की हत्या कर दी है, पुलिस भेज दीजिए.” सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
मां से विवाद के बाद किया हमला
घटना राजेंद्र नगर स्थित विजन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 202 की बताई जा रही है. मृतका की पहचान गीता भागचंदानी (42) के रूप में हुई है. शुरुआती जांच के मुताबिक, किसी बात को लेकर मां और बेटे के बीच विवाद हुआ था. बहस बढ़ने के बाद नाबालिग ने कथित तौर पर पास में रखी रिंच से मां के सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से गीता की मौके पर ही मौत हो गई.
पिता ने बताई बेटे की मानसिक बीमारी की बात
मृतका के पति राकेश ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा करीब 16-17 साल का है और पिछले 5-6 वर्षों से गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रहा है. परिवार की ओर से उसका इलाज मेडिकल कॉलेज और नूर मंजिल समेत कई संस्थानों में कराया गया था. राकेश के मुताबिक, इलाज के बावजूद बेटे की हालत में सुधार नहीं हुआ.
पिता ने यह भी बताया कि उनके पास बाल कल्याण समिति कोर्ट का पत्र मौजूद है, जिसमें बेटे की मानसिक स्थिति और उसके इलाज से संबंधित निर्देश दिए गए हैं.
चार महीने से अलग कमरे में रह रहा था बेटा
राकेश के अनुसार, बेटे की मानसिक स्थिति और आए दिन होने वाले विवादों को देखते हुए उसे करीब चार महीने पहले अलग किराए के कमरे में रखा गया था. बेटे की पढ़ाई, कमरे का किराया और उसके खाने-पीने समेत रहने का पूरा खर्च परिवार ही उठा रहा था.
गुरुवार सुबह नाबालिग यह कहकर घर पहुंचा था कि वह अपनी मां से मिलना चाहता है. लेकिन घर पहुंचने के बाद मां-बेटे के बीच विवाद हो गया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया.
हत्या के बाद खुद पुलिस को दी सूचना
वारदात को अंजाम देने के बाद नाबालिग ने खुद पुलिस को फोन किया. उसने पुलिस से कहा कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है और पुलिस को मौके पर भेजने के लिए कहा. सूचना मिलते ही नाका थाना पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम विजन अपार्टमेंट पहुंची.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. नाबालिग को हिरासत में लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.


