Microsoft की वैश्विक आउटेज की समस्या अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हुई है. Outlook, Microsoft Teams, Copilot और Microsoft 365 की दूसरी सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कंपनी सामान्य सेवाएं बहाल करने के लिए काम कर रही है, लेकिन अभी तक सभी सिस्टम पहले की तरह काम नहीं कर रहे हैं.
सर्वर की क्षमता बढ़ाने में जुटी कंपनी
Microsoft के मुताबिक, वह सर्वर की क्षमता बढ़ाने और हालिया नेटवर्क बदलावों से प्रभावित मशीनों को ठीक करने की कोशिश कर रही है. हालांकि, कुछ सिस्टम अब भी खराब स्थिति में फंसे हुए हैं. इस वजह से किए जा रहे सुधार सभी मशीनों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहे हैं. कंपनी इन बदलावों के नतीजों पर नजर रख रही है और सेवाओं की उपलब्धता बेहतर बनाने के लिए आगे भी जरूरी कदम उठाएगी.
भारत में भी कर्मचारियों को हो रही परेशानी
इस आउटेज का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है. कई कर्मचारी अपने ईमेल नहीं खोल पा रहे हैं, Teams पर मीटिंग में शामिल होने में दिक्कत आ रही है और जरूरी वर्क डॉक्यूमेंट्स तक पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है. Microsoft की सेवाओं पर निर्भर कंपनियों के रोजमर्रा के कामकाज पर इसका असर पड़ रहा है.
शेयर बाजार से जुड़े पेशेवर भी परेशान
Microsoft की सेवाओं में रुकावट से शेयर बाजार के पेशेवरों की चिंता भी बढ़ गई है. वे रिसर्च रिपोर्ट, क्लाइंट कॉल और दूसरे जरूरी कामों के लिए इन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं. इसके अलावा जिन कंपनियों को तिमाही नतीजे घोषित करने हैं या निवेशकों और एनालिस्ट के साथ बातचीत करनी है, वे भी सेवाएं सामान्य होने का इंतजार कर रही हैं.
सामान्य सेवाएं बहाल होने का इंतजार
फिलहाल Microsoft प्रभावित सिस्टम को ठीक करने और सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने में जुटी है. कंपनी का कहना है कि वह सुधारों के असर की निगरानी कर रही है. जब तक समस्या पूरी तरह हल नहीं होती, Outlook, Teams और Copilot इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.


